Bihar

बिहार पुलिस अकादमी के स्थापना दिवस पर बोले DGP- पुलिस नौकरी नहीं, 24 घंटे की सेवा

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

नालंदा (NALANDA) : जिले के राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी के स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार मुख्य रूप से शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं.

अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश

डीजीपी विनय कुमार ने स्पष्ट कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करे. उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, ईमानदारी और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया. डीजीपी ने कहा कि पुलिस केवल एक नौकरी नहीं है, बल्कि यह 24 घंटे की सेवा है. पुलिसकर्मी दिन हो या रात हर परिस्थिति में उपलब्ध संसाधनों के आधार पर जनता की सुरक्षा और सेवा में जुटे रहते हैं. उन्होंने कहा कि जब भी कोई पुलिसकर्मी वर्दी धारण करे तो उसे खुद को जनता का सेवक समझना चाहिए.

पुलिस हमेशा 24 घंटे ड्यूटी के लिए तैयार रहती है

उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से कहा कि वे किसी भी तरह के अनावश्यक भय से मुक्त होकर काम करें. पुलिसकर्मियों को अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार भी पुलिसकर्मियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. डीजीपी विनय कुमार ने पुलिसकर्मियों को मिलने वाले 13 महीने के वेतन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि साल में 12 महीने होते हैं लेकिन पुलिसकर्मियों को 13 महीने की तनख्वाह इसलिए दी जाती है क्योंकि पुलिस हमेशा 24 घंटे ड्यूटी के लिए तैयार रहती है.

बिना किसी भय के कार्रवाई करने का संदेश

कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों से पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करने की अपील की. उन्होंने कानून का पालन सुनिश्चित कराने और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी भय के कार्रवाई करने का संदेश दिया.

 

TagsBihar