नालंदा (NALANDA) : बिहार के नालंदा जिले में दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय गांव में हुई सनसनीखेज डकैती कांड का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को झारखंड के जामताड़ा जिले से पकड़ा गया.
बड़ी मात्रा में लूटा गया सामान बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अजीत सिंह, संजीव सिंह, बिट्टू कुमार और आदित्य कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर बड़ी मात्रा में लूटा गया सामान बरामद किया है. बरामदगी में 16.43 लाख रुपये नकद, करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण, 7 किलोग्राम चांदी, डायमंड और प्लेटिनम के जेवर शामिल हैं.इसके अलावा पुलिस ने दो देसी पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
पूरे परिवार को बंधक बनाकर वारदात
गौरतलब है कि 3 अगस्त की रात 10 से 12 हथियारबंद अपराधियों ने राजीव रंजन के घर में धावा बोल दिया था. बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की नकदी और करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण लूट लिए थे. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल था.
चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए नालंदा पुलिस ने तत्काल एक विशेष जांच टीम का गठन किया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की. इसी कार्रवाई के दौरान झारखंड के जामताड़ा जिले से चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली.
जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा
नालंदा के एसपी भारत सोनी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के बाद लूट का अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, इस डकैती में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
