Bihar

नालंदा में मंत्री श्रवण कुमार का पप्पू यादव पर हमला, बोले- साधु बनना है तो सच्ची साधना करें

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

नालंदा (NALANDA) : बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ऐतिहासिक बाबा मणिराम अखाड़ा पहुंचे.यहां दोनों नेताओं ने बाबा मणिराम की समाधि पर परंपरा के अनुसार लंगोट अर्पित कर देश, प्रदेश और किसानों की सुख-समृद्धि की कामना की. साथ ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए भी प्रार्थना की.

मान्यता है कि बाबा मणिराम मंदिर बिहार का एक अनोखा धार्मिक स्थल है जहां श्रद्धालु प्रसाद के रूप में लंगोट अर्पित करते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं. इस वजह से यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

मंत्री श्रवण कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी

मंत्री श्रवण कुमार ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मतगणना में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और जनता का जनादेश ईवीएम में सुरक्षित है. चुनाव के पहले और बाद में सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत का दावा करते हैं, लेकिन अंतिम फैसला जनता का होता है. उन्होंने कहा कि जो भी परिणाम आएगा, उसका सभी को सम्मान करना चाहिए.

संसद में सांसद पप्पू यादव द्वारा कथित रूप से सनातन धर्म का अपमान किए जाने के सवाल पर मंत्री श्रवण कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यदि पप्पू यादव वास्तव में साधु बनना चाहते हैं तो केवल साधु का वेश धारण करने से कुछ नहीं होगा. उन्हें किसी मंदिर, मठ या मस्जिद से जुड़कर सच्चे मन से साधना करनी चाहिए.

लोकतंत्र में जनता ही सर्वोच्च होती है

उन्होंने आगे कहा कि जो लोग सनातन धर्म का अपमान करते हैं, जनता का अपमान करते हैं या संविधान और कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करते हैं, उन्हें समय आने पर जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देती है. मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोच्च होती है और उसका फैसला सभी को स्वीकार करना चाहिए.

 

TagsBihar