Bihar

राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, महिला ने जुड़वा बच्चों को दिया जन्म

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

नालंदा (NALANDA):बिहार के नालंदा जिले से इंसानियत की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है. दिल्ली से अपने घर लौट रही एक महिला को ट्रेन में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. हालात ऐसे थे कि मौके पर कोई महिला उसकी मदद के लिए मौजूद नहीं थी. ऐसे में किन्नरों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए महिला की मदद की और सुरक्षित प्रसव कराया.

 महिला ने दिया जुड़वा बच्चों को जन्म

राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन की बोगी में एक महिला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया. महिला के साथ कोई अन्य महिला मौजूद नहीं थी. जब किन्नरों ने देखा कि उसकी सहायता करने वाला कोई नहीं है, तो उन्होंने महिला की मदद की. इसके बाद बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर एम्बुलेंस के माध्यम से महिला और दोनों नवजातों को मॉडल अस्पताल लाया गया.

नवजातों में एक लड़का और एक लड़की है

महिला की पहचान नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के अमावा गांव निवासी दशरथ बिंद की पत्नी सिंपुल देवी के रूप में हुई है. महिला अपने पति के साथ दिल्ली में काम करती थी. प्रसव के लिए वह अपने गांव लौट रही थी, लेकिन गांव पहुंचने से पहले ही ट्रेन में उसने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया. नवजातों में एक लड़का और एक लड़की है. बताया जा रहा है कि लड़की की हालत नाजुक है.

TagsBihar