नालंदा (NALANDA) : बिहार के नालंदा जिले में तेज आंधी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. बिहारशरीफ के बाजार समिति परिसर में सूखा ताड़ का पेड़ गिरने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पेड़ के नीचे दबने से हुई मौत
मृतक महिला की पहचान बिहारशरीफ के बड़ी पहाड़ी मोहल्ला स्थित देवी कॉलोनी निवासी कृष्णा प्रसाद की 62 वर्षीय पत्नी चिंता देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि चिंता देवी सब्जी खरीदने के लिए बाजार समिति गई थीं. इसी दौरान अचानक तेज आंधी चली, जिससे वहां खड़ा सूखा ताड़ का पेड़ अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा. पेड़ के नीचे दबने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही लहेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि तेज आंधी के कारण सूखा ताड़ का पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौत हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
जर्जर और सूखे पेड़ों को हटाने की मांग
वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार समिति और आसपास के इलाके में कई सूखे ताड़ के पेड़ खड़े हैं जो कभी भी गिर सकते हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे जर्जर और सूखे पेड़ों को जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.
हादसे की खबर मिलते ही महिला के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सूखे पेड़ों को हटाने की कार्रवाई की जाती तो शायद एक जान बचाई जा सकती थी.
