Bihar

नमक की जगह परोस दिया सर्फ! MDM खाने के बाद 18 बच्चियों की बिगड़ी तबीयत, जानिए कहां का है मामला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

नालंदा (NALANDA): बिहार के नालंदा जिले में मिड डे मील खाने के बाद करीब 18 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के पारसी मिडिल स्कूल की बताई जा रही है. बीमार छात्राओं को आनन-फानन में इलाज के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है. राहत की बात यह है कि सभी छात्राओं की स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है.

अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया

घटना के बाद छात्राओं के परिजनों में घबराहट फैल गई. बड़ी संख्या में परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मामले की जानकारी मिलने के बाद नालंदा के सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह समेत कई चिकित्सक भी अस्पताल पहुंचे और बच्चों के इलाज की निगरानी की. स्कूल के एक शिक्षक के मुताबिक, मिड डे मील का भोजन दूसरे स्कूल से आया था. खाने में सोयाबीन की सब्जी परोसी गई थी,जिसमें नमक कम होने की शिकायत छात्राओं ने की. शिक्षक का कहना है कि जब छात्राओं ने अतिरिक्त नमक मांगा तो कथित तौर पर गलती से नमक की जगह सर्फ परोस दिया गया.

छात्राओं को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी

इसके बाद खाना खाने वाली कई छात्राओं को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी. तबीयत बिगड़ते देख स्कूल प्रबंधन ने छात्राओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने बताया कि सभी बच्चों का इलाज किया जा रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति सुरक्षित है. घटना ने स्कूल में मिड डे मील परोसने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

 

TagsBihar