☰
Bihar

मां और भाई के साथ राजगीर महोत्सव घूमने निकली किशोरी की रास्ते में हत्या, शव फेंक भागते समय पुलिस ने दबोचा, फिर

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

नालंदा: नालंदा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक नाबालिग की हत्या उसकी मां और भाई ने ही पीट कर कर दी. नाबालिग किशोरी का शव राजगीर थाना क्षेत्र के मटिहानी खांधा के सुनसान इलाके में मिला है. किशोरी का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई. मृतिका की पहचान पावापुरी ओपी थाना क्षेत्र के दशरथपुर गांव निवासी स्व नायक सिंह की 16 वर्षीया बेटी अंजली कुमारी के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की टीम ने शव फेंक भाग रहे मां बेटे को पकड़ लिया.

मामले में राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि दोपहर में जानकारी मिली कि मटिहानी खंधा में एक नाबालिग का शव पड़ा है जबकि दो संदिग्ध मौके से भाग रहे हैं. सूचना के आधार पर डायल 112 की टीम ने तुरंत उनका पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया. राजगीर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ली तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

डीएसपी ने बताया कि घटना के बाद पूछताछ में पकड़े गए युवक ने बताया कि मृतिका उसकी बहन है. इस दौरान पुलिस ने मौके से खून लगा एक डंडा भी बरामद किया वहीं पूछताछ में महिला ने बताया कि हमलोग राजगीर महोत्सव मेला देख कर इसी रास्ते से जा रहे थे तभी एक युवक पीछे से पहुंचा और उसने डंडा सर पर मार कर हत्या कर दी, हालांकि पुलिस ने पूछताछ में जब सख्ती दिखाई तब दोनों ने स्वीकार कर लिया कि उन्होंने ही किशोरी को राजगीर महोत्सव मेला देखने के बहाने यहां लाया था और उसके सर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी. दोनों ने किशोरी की हत्या में दो अन्य लोगों के शामिल होने की बात बताई जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है.

डीएसपी ने बताया कि किशोरी का किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसकी वजह से मां और भाई नाराज थे. उन्होंने उसकी हत्या करने की साजिश की और दो अन्य लोगों को भी घटनास्थल पर पहले से बुला कर रखा था. इधर मां बेटे ने किशोरी को राजगीर महोत्सव मेला दिखाने के बहाने वहां लेकर पहुंची तथा चारों ने डंडा से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी तथा भाग निकले. इसी दौरान मां बेटे पुलिस के हत्थे चढ़ गए. फिलहाल पुलिस मां बेटे को गिरफ्तार कर पूछताछ करते हुए पूरे मामले की छानबीन में जुट गई.