Bihar

महज़ 5 हजार की रंगदारी के लिए 22 साल के युवक के सीने में मारी गोली, जानिए कहां का है मामल

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

नालंदा (NALANDA): बिहार के नालंदा से ऐसी खबर सामने आई है जिसने इलाके में ग्रामीणों को आक्रोशित कर दिया है. महज पांच हजार रुपये की रंगदारी नहीं देने पर 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है. वारदात खुदागंज थाना क्षेत्र के शोभा बीघा गांव की है. मृतक की पहचान गांव निवासी अमित प्रसाद के पुत्र रंजन कुमार के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर रंजन से पांच हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी. रंजन ने रुपये देने से इनकार कर दिया था. आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने रंजन को गोली मार दी. गोली उसके सीने में लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

रंजन की हत्या की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव के लोगों में आक्रोश देखने को मिला. बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और रास्ता जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोग वारदात में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे. सड़क जाम होने की सूचना मिलने के बाद खुदागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया. पुलिस ने रंजन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. परिजनों की ओर से लगाए गए पांच हजार रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप की भी जांच की जा रही है. पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. वारदात के बाद शोभा बीघा गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है. जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी.

TagsBihar