मुजफ्फरपुर (MUJAFFARPUR):बिहार में हर्ष फायरिंग प्रशासन की पूरी तरह से रोक है, लेकिन फिर भी लोग मानने को तैयार ही नहीं है. आए दिन शादी-विवाह के समारोह में हर्ष फायरिंग से कई लोगों की जान जाती है, तो वहीं कई बच्चे और बुजुर्ग घायल हो जाते है. लेकिन फिर भी लोग अपनी आदत और झूठी शान के चक्कर में दूसरे की जान के दुश्मन बन जाते है.बिहार के मुजफ्फरपुर नगर परिषद क्षेत्र से एक ऐसी ही खबर सामने आई है, जहां परसौनी जहांगीर वार्ड-21 में सोमवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए.
तीन लोगों को लगी गोली
घटना के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई.घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फायरिंग करने वाले युवक की पहचान की जा रही है.जानकारी के अनुसार, केसरिया थाना क्षेत्र के जगीराहां गांव से परसौनी जहांगीर स्थित मुकेश पाठक के यहां बारात आई थी.दरवाजा लगने की रस्म के दौरान कुछ युवक भोजपुरी गानों पर डांस करते हुए अवैध हथियार से हर्ष फायरिंग करने लगे.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलाने वाला युवक नशे की हालत में था. इसी दौरान अचानक चली गोलियां वहां मौजूद तीन लोगों को लग गई.
घायलों की हालत गंभीर
घायलों में परसौनी जहांगीर निवासी व टेंट संचालक अनिल पासवान (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके बाएं घुटने में गोली लगी है. उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया.वहीं, दो अन्य घायलों में एक को इलाज के लिए मोतिहारी ले जाया गया, जबकि दूसरे का उपचार मुजफ्फरपुर शहर के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है.
पुलिस फायरिंग करने वाले युवक की पहचान में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही अपर थानेदार अशोक राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने पुष्टि की है कि फायरिंग में तीन लोग घायल हुए है. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही घटनास्थल से कारतूस के खोखे हटा दिए गए थे. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर फायरिंग करने वाले युवक की पहचान में जुटी है.मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
