टीएनपी डेस्क (TNP DESK):प्यार में धोखा एक ऐसी स्थिति होती है, जब प्रेमी-प्रेमिका अपनी जिंदगी से नफरत करने लगते है उन्हें मरने के अलावा कोई दूसरा रास्ता दिखाई नहीं देता. हालांकि, यह बहुत गलत है.धोखा या किसी भी मुश्किल स्थिति में हमें आगे जीने की सोचनी चाहिए, न कि अपनी जान देने की.लेकिन बहुत से ऐसे लोग हैं, जो प्यार में मिला धोखा बर्दाश्त नहीं कर पाते और ऐसा कदम उठाने की सोच लेते हैं, जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए.दरअसल, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां पांच साल पुराने प्रेम संबंध में धोखा मिलने के बाद युवती को कुछ समझ नहीं आया और वह जान देने के लिए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई.
पिछले 5 साल से प्रेम संबंध था
बताया जा रहा है कि युवती का एक युवक के साथ पिछले 5 साल से प्रेम संबंध था.जब परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो दोनों की शादी का रिश्ता तय किया गया और सगाई भी हो गई.लेकिन सगाई के कुछ दिन बाद लड़के और उसके परिवार वालों ने दहेज की मांग कर दी. लड़की के परिजनों ने दहेज देने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया.इससे युवती को गहरा सदमा पहुंचा और वह इस आघात को बर्दाश्त नहीं कर पाई.इसके बाद वह जान देने के लिए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई.हालांकि, गनीमत रही कि पुलिस समय पर मौके पर पहुंच गई और उसकी जान बचा ली.
पढ़िए कहां का है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि पूरी घटना मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के रामदयालु रेलवे गुमटी के पास की है.जानकारी के मुताबिक, युवती मनियारी थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जो पिछले 5 साल से एक युवक से प्रेम करती थी.दोनों की प्रेम कहानी फेसबुक के जरिए शुरू हुई थी. धीरे-धीरे दोनों का रिश्ता गहरा हुआ तो बात परिवार वालों तक पहुंची और शादी तय कर दी गई लेकिन अचानक दहेज की मांग के बाद लड़के वालों ने शादी से इनकार कर दिया.
इससे युवती मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई और रामदयालु रेलवे गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों ने जब उसे देखा तो तुरंत डायल-112 पुलिस को सूचना दी.मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को रेलवे ट्रैक से सुरक्षित हटाया और उसके परिजनों को सौंप दिया. साथ ही परिवार को युवती की काउंसलिंग कराने की सलाह भी दी गई है. वहीं, मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है.
