Bihar

मुजफ्फरपुर: घर के दरवाजे पर चढ़कर पट्टीदार ने शख्स को मार दी गोली, इलाके में सनसनी  

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR):बिहार में अपराधियों का हौसला कितना बुलंद हो चुका है, इस बात का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि रोजाना अलग-अलग जिलों से कई संगीन वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है. वहीं, ताजा मामला मुजफ्फरपुर के सरैया अनुमंडल क्षेत्र के जैतपुर थाना क्षेत्र के खैरा गांव का है, जहां अपने घर के दरवाजे पर सफाई कर रहे एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है.गोली लगने से घायल शख्स की पहचान 48 वर्षीय नागेश्वर ठाकुर के रूप में की गई है. वह आज शनिवार सुबह अपने घर के दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे थे. इसी दौरान गांव का ही रहने वाला उनका पट्टीदार, जो रिश्ते में भतीजा लगता है, प्रिंस कुमार उनके दरवाजे पर पहुंचा और उन पर गोली चला दी.

अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में भी हड़कंप

घटना को भांपकर घायल ने भागने का प्रयास किया, लेकिन फायरिंग में एक गोली नागेश्वर ठाकुर के बाएं हाथ में लग गई. वहीं, गोली लगते ही वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया. गोली की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए, जबकि आरोपी प्रिंस मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया. मामले की जानकारी के बाद मौके पर एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर और जैतपुर थाना की पुलिस भी पहुंची और मामले में छानबीन शुरू कर दी.

तुम्हारी हत्या कर देंगे....

घायल नागेश्वर ठाकुर ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह अपने दरवाजे पर साफ-सफाई करते हैं. वह कारपेंटर का काम करते हैं. आज उनका एक पट्टीदार प्रिंस आया और बोला कि तुम्हारी हत्या कर देंगे. फिर उसने गोली निकाली और मेरे ऊपर फायर कर दिया. मैंने बीच-बचाव किया तो गोली मेरे हाथ में लग गई. वह मेरी हत्या करने के लिए आया था. घटना के बाद वह मौके से भागने में सफल रहा है. परिजनों के द्वारा मुझे अस्पताल लाया गया है. पुलिस को आरोपी को पकड़कर कार्रवाई करनी चाहिए. आखिर वह हथियार कहां से और किसके कहने पर लाया है.

पढ़े मामले पर एसडीपीओ ने क्या कहा

पूरी घटना को लेकर एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर ने बताया कि एक व्यक्ति को उसके घर के पास गोली मारी गई है. गोली मारने वाला घायल शख्स का ही पट्टीदार है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने में सफल रहा है. उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है. घायल को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर कार्रवाई में जुटी हुई है.

TagsBihar