☰
Bihar

बचके रे बाबा! सावधानी से करें AI का इस्तेमाल, वरना मुजफ्फरपुर के इन दो युवकों की तरह फंस सकते हैं आप

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR): सोशल मीडिया पर लाइक और सब्सक्राइब बढ़ाने की चाह में AI से AK-47 के साथ फोटो बनाकर पोस्ट करना औराई थाना क्षेत्र के दो युवकों को महंगा पड़ गया. एक युवक की AK-47 के साथ तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. औराई थाना प्रभारी सुनील कुमार ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला डीआईयू और एसटीएफ भी जांच में जुट गई है.

 मुजफ्फरपुर के इन दो युवकों की तरह फंस सकते है आप

एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वायरल फोटो में दिख रहे युवक की पहचान बभनगामा पूर्वी गांव निवासी इंदल सहनी के पुत्र अनिल सहनी के रूप में हुई. पूछताछ के लिए थाने लाए जाने पर अनिल ने बताया कि गांव के ही शंकर सहनी के पुत्र सुबोध सहनी ने AI की मदद से उसकी तस्वीर में AK-47 जोड़कर फोटो तैयार की थी और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था. सुबोध ने पूछताछ के दौरान अपनी गलती स्वीकार कर ली. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला AI जनरेटेड फोटो का प्रतीत हो रहा है. सुबोध के मोबाइल फोन की जांच में AI से तैयार की गई कई अन्य तस्वीरें भी मिली हैं, जिनमें अलग-अलग लोगों के चेहरे बदलकर एडिट किए गए थे. इससे AI तकनीक के दुरुपयोग की आशंका सामने आई है.

पढ़िये मामले पर एसडीपीओ ने क्या कहा है

एसडीपीओ ने बताया कि अब तक की जांच में दोनों युवकों का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है. दोनों अपने गांव में दुकान चलाते है. फिलहाल पुलिस, डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar