Bihar

मुजफ्फरपुर में रिश्वतखोर ASI गिरफ्तार, 8 हजार रुपये लेते निगरानी टीम ने दबोचा

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
मुजफ्फरपुर में रिश्वतखोर ASI गिरफ्तार, 8 हजार रुपये लेते निगरानी टीम ने दबोचा

मुजफ्फरपुर (BIHAR) : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजेपुर थाना में तैनात ASI मुन्ना यादव को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उन्होंने एक मामले में कार्रवाई करने के बदले रिश्वत मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

10 हजार रुपये रिश्वत की मांग

जानकारी के अनुसार, बब्बन पासवान का अपने पड़ोसी मोहन पासवान के साथ विवाद हुआ था. इस मामले की जांच की जिम्मेदारी राजेपुर थाना के ASI मुन्ना यादव के पास थी. आरोप है कि मामले में कार्रवाई करने और मदद करने के नाम पर उन्होंने बब्बन पासवान से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की. बातचीत के बाद दोनों के बीच 8 हजार रुपये में सौदा तय हुआ.

निगरानी विभाग से शिकायत की

रिश्वत की मांग से परेशान होकर बब्बन पासवान ने निगरानी विभाग से शिकायत की. शिकायत मिलने के बाद विभाग ने पूरे मामले का सत्यापन कराया. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने आरोपी ASI को पकड़ने के लिए जाल बिछाया.

टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया

योजना के तहत शिकायतकर्ता बब्बन पासवान तय रकम लेकर ASI मुन्ना यादव के पास पहुंचे. जैसे ही उन्होंने 8 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए पहले से मौजूद निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली.

आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग आरोपी ASI से पूछताछ कर रहा है. साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.

इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. निगरानी विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत विभाग से करें. शिकायत सही पाए जाने पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी.