मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र के राजवाड़ा डीह गांव में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक परिवार ने अपनी मृत बेटी के शव का अंतिम संस्कार उसके ससुराल में दरवाजा पर ही कर दी। बताया जा रहा है कि मृतिका ने 10 महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था और अब उसका शव घर में बेड पर संदिग्ध हालत में मिला। घटना के बाद से मृतिका के परिवार वाले फरार बताए जा रहे हैं जबकि मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने गांव में गश्त तेज कर दी है और मामले की छानबीन की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मृतिका गांव के कुंदन कुमार की पत्नी गुंजा कुमारी है। लोगों ने बताया कि बुधवार की देर रात युवती की संदिग्ध मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और एफएसएल की टीम ने भी सबूत एकत्रित किए। वहीं मृतिका के मायके वाले ने ससुराल के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया।
मृतिका के मायके वाले ने कहा कि दोनों ने करीब 10 महीने पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग के साथ प्रताड़ित करने लगे थे। इसके लिए कई बार बातचीत भी की गई लेकिन लोग लगातार प्रताड़ित करते रहे। अब उनलोगों ने मेरी बेटी की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि गांव में लोगों ने पूछने पर भी श्मशान के बारे में नहीं बताया तो दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल है।
मामले को लेकर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि युवती ने प्रेम विवाह किया था और अब उसका शव घर में संदिग्ध हालत में मिला है। परिजनों ने दरवाजे पर ही शव का अंतिम संस्कार किया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मामला साफ हो सकेगा। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।