मुजफ्फरपुर(MUZAFFARPUR): बिहार के मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत के दौरान चोरी का मामला सामने आया है. स्वागत समारोह में जुटी भारी भीड़ के बीच JDU नेता राजेश मंडल के गले से सोने की चेन गायब हो गई. इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है. शिकायत मिलने के बाद तुर्की थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सकरी चौक पर आयोजित था स्वागत कार्यक्रम
घटना तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी चौक की बताई गई है. स्वास्थ्य मंत्री के मुजफ्फरपुर पहुंचने को लेकर यहां JDU कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं की ओर से स्वागत की तैयारी की गई थी. मंत्री का काफिला सकरी चौक पहुंचा तो बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए आगे बढ़े.फूल-माला और बुके देने के दौरान मौके पर काफी भीड़ हो गई. इसी कार्यक्रम में कुढ़नी प्रखंड के लदौरा निवासी और JDU नेता राजेश मंडल भी शामिल हुए थे.
माला पहनाने के दौरान गायब हुई चेन
राजेश मंडल के मुताबिक, वह स्वास्थ्य मंत्री को माला पहनाने के लिए भीड़ के बीच आगे पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी सोने की चेन गायब हो गई. कार्यक्रम समाप्त होने और भीड़ कम होने के बाद उनका ध्यान गले पर गया तो चेन नहीं थी. उन्होंने इसकी जानकारी वहां मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों को दी. राजेश मंडल ने चेन की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई है.
चोरी या भीड़ में गिरने की आशंका
पीड़ित JDU नेता ने तुर्की थाने में लिखित शिकायत दी है. शिकायत के मुताबिक, उन्हें यह स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका कि किसी ने जानबूझकर चेन निकाल ली या भीड़ और धक्का-मुक्की के दौरान वह टूटकर गिर गई. हालांकि, चेन स्वागत कार्यक्रम के दौरान ही गायब होने की बात कही गई है. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. तुर्की थाने के थानाध्यक्ष सह सब इंस्पेक्टर सेंटू कुमार के मुताबिक, राजेश मंडल की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्ड किए गए वीडियो के साथ सकरी चौक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के जरिए संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने और गायब सोने की चेन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
