Bihar

मुजफ्फरपुर में स्कूल गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बदमाशों ने 50 लाख की रंगदारी का पर्चा चिपकाया

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR): बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक स्कूल को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की. कांटी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के पास रविवार की सुबह बाइक सवार नकाबपोश बदमाश पहुंचे और स्कूल के मुख्य गेट पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला धमकी भरा पर्चा चिपका दिया. इसके बाद बदमाशों ने स्कूल की बाउंड्री, दीवार और गेट को निशाना बनाते हुए करीब 18 से 22 राउंड फायरिंग की. गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी और कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान 7 से 8 खोखे बरामद किए हैं. स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर हेलमेट पहने दो बाइक सवार युवक दिखाई दिए. पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधियों ने पहले स्कूल के गेट पर रंगदारी का पर्चा चिपकाया और इसके बाद स्कूल के आसपास घूमकर फायरिंग की. पुलिस अब अपराधियों के आने और भागने वाले रास्तों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की भी जांच कर रही है. घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और आसपास के लोगों में भी भय का माहौल है.

एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि CCTV फुटेज में दो अपराधी दिखाई दे रहे हैं. प्रारंभिक जांच में करीब 18 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है और मौके से 7-8 खोखे बरामद किए गए हैं. पुलिस रंगदारी की मांग को घटना की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है, लेकिन स्कूल की जमीन से जुड़े संभावित विवाद और अन्य पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है. पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान होने के बाद जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.