मुजफ्फरपुर(MUJAFFARPUR):मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र में रविवार को हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई.जहां अमर सिनेमा रोड स्थित छोटी कल्याणी के पास आईकॉन टावर के सामने कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए.घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए.
आईकॉन टावर के सामने मारी गई गोली
जानकारी के अनुसार, गोविंद शर्मा आईकॉन टावर में किराए के मकान में रह रहा था.रविवार को वह टावर के सामने मौजूद था, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने उस पर कई राउंड फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कई चर्चित हत्याकांडों में आ चुका था नाम
गोविंद शर्मा का नाम पूर्व मेयर समीर कुमार और चर्चित प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही हत्याकांड समेत कई बड़े आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था.पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह अपराध जगत का कुख्यात शूटर माना जाता था और हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था.मौके पर पहुंचे एसएसपी, SIT का गठन घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. एसएसपी ने बताया कि गोविंद शर्मा आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद था और फिलहाल बेल पर था.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
उन्होंने बताया कि हत्या में 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया गया है. घटनास्थल से पुलिस ने पांच जिंदा कारतूस बरामद किए है.मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी और कांड के शीघ्र उद्भेदन के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है.पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच टीम गैंगवार, पुरानी रंजिश और आपसी वर्चस्व की लड़ाई समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है. एसएसपी ने दावा किया है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
