मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR): बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है. अहियापुर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी रोड नंबर-6 स्थित एक किराए के मकान से करीब 35 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया. युवक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. मृतक की पत्नी और दो बच्चे फिलहाल घर पर नहीं मिले हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की.
दो महीने पहले किराए पर लिया था कमरा
मकान मालिक शिव शंकर सिंह के मुताबिक, युवक करीब दो महीने पहले उनके मकान में रहने आया था. उसने 1800 रुपये प्रतिमाह के किराए पर कमरा लिया था. युवक मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके साथ पत्नी और दो बच्चे भी इसी कमरे में रहते थे. मकान मालिक का कहना है कि परिवार के सदस्यों के बीच किसी तरह का विवाद था या नहीं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है. घटना के बाद पत्नी और बच्चों के नहीं मिलने से पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.
दूध देने पहुंचे व्यक्ति ने सबसे पहले देखा शव
घटना का पता सुबह उस समय चला जब रोज की तरह दूध पहुंचाने वाला व्यक्ति मकान में आया. वह मकान के दो किरायेदारों को दूध देता था. एक किरायेदार को दूध देने के बाद जब वह युवक के कमरे के पास पहुंचा तो दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला. बताया गया कि कमरे का दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं था. धक्का देने पर दरवाजा खुल गया. अंदर युवक का शव देखकर दूध देने वाले व्यक्ति ने शोर मचाया. इसके बाद मामले की सूचना डायल-112 को दी गई.
FSL टीम जुटा रही घटनास्थल से साक्ष्य
सूचना मिलते ही अहियापुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. टाउन-2 एसडीपीओ कार्तिकेयन के.ए. ने भी मौके का निरीक्षण किया. जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जो घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर रही है. अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार के अनुसार, एफएसएल की जांच और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. पुलिस हत्या के कारण, घटनाक्रम और मृतक के परिवार के सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
