Bihar

‘जेलवे हउ ससुरारी, लागल रहे आना जाना रे...’ थाने के अंदर रील बना रहा था युवक, वीडियो वायरल होते ही...

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR): आजकल Reel बनाने की होड में हर वर्ग, हर उम्र के लोग शामिल हैं. सोशल मीडिया पर इन दिनों अमूमन रील बनाने और वायरल होने की कोशिश चलती रहती है. पर सिर्फ वायरल और फेमस होने की चाह में लोग इस बात को भूल जाते हैं कि हर जगह रील बनाना उपयुक्त नहीं है. इसी कड़ी में जहां कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी होती है, वहीं से एक Instagram Reel सामने आने के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. सरैया थाना परिसर के अंदर बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवक पुलिस अभिरक्षा में थाने के अंदर बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि बैकग्राउंड में गाना बजता सुनाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.

मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में नजर आ रहा युवक किसी मामले में पूछताछ के लिए सरैया थाना लाया गया था. उसे थाना परिसर स्थित सिरिस्ता कक्ष में बैठाया गया था. इसी दौरान कथित तौर पर थाने के अंदर से उसका वीडियो बनाया गया और बाद में उसे Instagram Reel के रूप में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में सवाल उठने लगे कि थाना परिसर के अंदर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने की अनुमति कैसे मिली. साथ ही यह भी जांच का विषय है कि वीडियो किसने बनाया और इसे सोशल मीडिया पर किसने पोस्ट किया.

वीडियो में क्या दिख रहा?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक थाने के अंदर बैठा नजर आ रहा है. वह पुलिस अभिरक्षा में बताया जा रहा है. वीडियो में बैकग्राउंड में एक मगही गाना भी सुनाई दे रहा है. ऐसे में जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो कब बनाया गया, इसे रिकॉर्ड करने वाला व्यक्ति कौन था और इसे सोशल मीडिया पर किसने अपलोड किया.

मामला सामने आने के बाद सरैया पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया है. सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि थाना परिसर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल और वीडियो रिकॉर्डिंग की स्थिति क्या थी. इसके अलावा वीडियो बनाने में किसी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.

TagsBihar