मुजफ्फरपुर(MUJAFFARPUR):नीट पेपर लीक को लेकर पूरे देशभर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है, जहां छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे है. वहीं, बिहार में भी अब जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन हो रहे है. इस दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की साजिश की भी आशंका जताई जा रही है, जिसे रोकने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है.
अफवाह रोकने को लेकर गृह विभाग ने बड़ा निर्देश
मुजफ्फरपुर में अफवाह रोकने को लेकर गृह विभाग ने बड़ा निर्देश जारी किया है. डीएम और एसएसपी की सिफारिश पर इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बंद कर दी गई है.आज, 24 जुलाई से 26 जुलाई सुबह 10:00 बजे तक सोशल मीडिया नेटवर्किंग साइट्स और मैसेजिंग सेवाएं पूरी तरह से ठप कर दी गई है. यानी मुजफ्फरपुर में आज से 26 जुलाई तक इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बंद रहेगी.
26 जुलाई की सुबह तक इंटरनेट सेवा बंद
आपको बता दें कि बिहार गृह विभाग ने दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत यह आदेश जारी किया है.इसके तहत मुजफ्फरपुर के पुलिस सब-डिवीजन-1 और टाउन 2 क्षेत्र में 26 जुलाई की सुबह तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी.इंटरनेट सेवा बंद रहने की वजह से एक्स, फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम समेत 24 तरह की सेवाएं प्रभावित होंगी. इसके साथ ही ब्रॉडबैंड संचार सेवाएं भी बंद रहेंगी.हालांकि, गृह विभाग की ओर से बैंकिंग, रेलवे और अन्य आवश्यक सरकारी सेवाओं पर रोक नहीं लगाई गई है.यानी जरूरी संस्थानों में इंटरनेट सेवा बहाल रहेगी.
बैंक, रेलवे की इंटरनेट सेवा रहेगी बहाल
आपको बता दें कि नीट पेपर लीक को लेकर मुजफ्फरपुर में बीती रात छात्रों द्वारा काफी उपद्रव किया गया था. इसे देखते हुए सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है, ताकि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर रोक लगाई जा सके.दूसरी तरफ शांति व्यवस्था भी बहाल रहे और किसी के जीवन पर कोई बुरा प्रभाव न पड़े. हालांकि, सरकार की ओर से यह भी सुनिश्चित किया गया है कि बैंकिंग या किसी भी सरकारी सेवा से जुड़ी सुविधाएं प्रभावित न हों और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
