Bihar

नेपाल की भारी बारिश से बिहार में बाढ़ का खतरा, तिरहुत के 6 जिलों में प्रशासन हाई अलर्ट पर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

मुजफ्फरपुर (BIHAR) :  नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार के तिरहुत प्रमंडल में साफ दिखाई देने लगा है। नेपाल से आने वाली कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। कई स्थानों पर चचरी और पीपा पुल प्रभावित होने से लोगों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं.

नदियों में बढ़ते जलस्तर के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोग एहतियात के तौर पर अपने परिवार और जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं. ग्रामीणों में संभावित बाढ़ को लेकर चिंता का माहौल है.

तिरहुत प्रमंडल का प्रशासन पूरी तरह सतर्क

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तिरहुत प्रमंडल का प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. तिरहुत आयुक्त गिरवर दयाल सिंह ने प्रमंडल के सभी छह जिलों के जिलाधिकारियों को बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज करने का निर्देश दिया है. उन्होंने तटबंधों की लगातार निगरानी करने, संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने और राहत एवं बचाव कार्यों की पूरी तैयारी सुनिश्चित करने को कहा है.

अचानक फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति बन सकती है

आयुक्त ने बताया कि बिहार में इस समय सामान्य से कम बारिश हुई है, लेकिन नेपाल में लगातार हो रही वर्षा के कारण अचानक फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति बन सकती है. इसलिए प्रशासन हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं.

संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी

प्रशासन का कहना है कि संभावित बाढ़ से निपटने के लिए राहत सामग्री, नाव, बचाव दल और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा चुकी है. साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके.

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और नदी किनारे अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है. साथ ही स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.

 

TagsBihar