मुजफ्फरपुर(MUZAFFARPUR): जिले के सदर थाना क्षेत्र के रामदयालु में डायल 112 के एक चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाते हुए सड़क पर साइकिल और बाइक सवार को टक्कर मारने का आरोप लगा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया. सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी चालक संतोष कुमार को हिरासत में ले लिया. पुलिस जांच में चालक द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि होने की बात सामने आई है.
साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल
जानकारी के मुताबिक, डायल 112 के वाहन के चालक संतोष कुमार ने रामदयालु इलाके में पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी. घायल की पहचान सदर थाना क्षेत्र के बारामतपुर निवासी शत्रुघ्न राय के रूप में हुई है. हादसे में उनके पैरों में गंभीर चोट लगने की बात कही जा रही है. इसके बाद वाहन ने एक बाइक को भी टक्कर मार दी. बाइक सवार की पहचान वैशाली जिले के हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के चक चमेली गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है. हादसे में मनीष की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि वह बाल-बाल बच गए.
घटना के बाद लोगों ने किया हंगामा
लगातार हुई टक्कर की घटनाओं के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए. लोगों ने चालक के व्यवहार का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया. इसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 112 के चालक संतोष कुमार को हिरासत में लेकर थाने ले गई. मनीष कुमार के अनुसार, वह अपने घर से बाइक पर किसी काम से मुजफ्फरपुर आ रहे थे. रामदयालु पहुंचने पर उन्होंने डायल 112 के वाहन से पहले साइकिल सवार और फिर अपनी बाइक को टक्कर लगने की बात कही. मनीष ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर चालक ने उनके साथ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया. उन्होंने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सदर थाने में आवेदन दिया है.
SSP ने की अल्कोहल की पुष्टि
मामले पर मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना पुलिस के संज्ञान में है. आरोपी चालक की जांच कराई गई, जिसमें अल्कोहल की पुष्टि हुई है. SSP के मुताबिक आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी चालक को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जाएगी.
