Bihar

मुजफ्फरपुर में सिलेंडर ब्लास्ट, चार घर जलकर राख, मची चीख-पुकार

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

मुजफ्फरपुर(MUZAFFARPUR):मुजफ्फरपुर जिले से एक भीषण आगजनी हुई है. जहां मनियारी थाना क्षेत्र के महंत मनियारी विशुनपुर टोला वार्ड संख्या-09 में अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी. इस अग्निकांड में चार घर पूरी तरह जलकर राख हो गए और करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई. वहीं, घर में बंधी दो बकरियां भी जिंदा जल गईं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मासूम बच्चे के लिए दूध गर्म कर रही थी महिला तब हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक महिला अपने मासूम बच्चे के लिए दूध गर्म कर रही थी. इसी दौरान रसोई गैस सिलेंडर के रेगुलेटर या पाइप से गैस रिसाव होने के कारण अचानक आग लग गई. महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बच्चे के साथ घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इससे पहले कि लोग आग बुझाने का प्रयास करते, गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया.सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग की ऊंची लपटें आसपास के घरों तक फैल गईं. इस अग्निकांड में स्थानीय निवासी मोहम्मद नियाज, मोहम्मद सिराज समेत दो अन्य पड़ोसियों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए. घरों में रखा अनाज, कपड़े, गहने, नकद रुपये और अन्य जरूरी सामान भी आग की भेंट चढ़ गया. धमाके की तेज आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई.

चार घर जाकर राख 

घटना की सूचना मिलते ही मनियारी थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चारों परिवारों का लगभग पूरा सामान जल चुका था. मनियारी थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अंचल अधिकारी को सूचना दे दी गई है. राजस्व कर्मचारी नुकसान का आकलन करेंगे, जिसके बाद पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

TagsBihar