मुजफ्फरपुर(MUZAFFARPUR):बिहार में पूर्ण रूप से शराबबंदी है, लेकिन यह भी बात झूठ नहीं है कि यहां पर शराब माफियाओं की ओर से अवैध शराब बेची और सप्लाई की जाती है. जिनको रोकने के लिए सरकार ने पुलिस के जवानों को तैनात किया है, लेकिन ये पुलिस के जवान उन शराब माफियाओं पर कार्रवाई के बजाय उनके साथ ठुमके लगाते हुए दिख रहे हैं. अरे महाराज, हम ये बात नहीं कह रहे हैं, बल्कि एक वायरल वीडियो कह रहा है, जिसमें बिहार पुलिस का जवान एक शराब माफिया के साथ ठुमका लगाते डांस करते दिख रहा है. अब जरा आप ही सोचिए, जिनके हाथों में राज्य को बचाने और सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी है, अगर वही राज्य को बर्बाद करने वाले लोगों से हाथ मिला लें तो राज्य का भविष्य क्या होगा.दरअसल, ये पूरा मामला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का है, जहां औराई थाना के डायल-112 में तैनात एएसआई विपिन सिंह को शराब कारोबारी के साथ डांस करना भारी पड़ गया.
वीडियो वायरल होते ही विभाग ने लिया ये एक्शन
बीते दिनों सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हुई जांच में उन्हें शराब कारोबारी के साथ डांस करते हुए पाया गया. इस शराब कारोबारी से उक्त पुलिसकर्मी के द्वारा अनावश्यक मेलजोल और संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद आज गुरुवार देर शाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. इस मामले में अब वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने तत्काल प्रभाव से आरोपी ASI को निलंबित कर दिया है.गौरतलब है कि एएसआई विपिन सिंह का डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और उनके आचरण को लेकर शिकायत मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पूर्वी-1 के स्तर से जांच कराई गई. जांच में वायरल वीडियो में उनके साथ औराई थाना क्षेत्र के शराब कारोबारी/माफिया दिलचंद राय के होने की पुष्टि हुई है.
ऐसे लोगों से पुलिस की संगति सही नहीं
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दिलचंद राय के खिलाफ शराब बरामदगी से संबंधित तीन मामलों में आरोप पत्र दाखिल होने का उल्लेख है. ऐसे व्यक्ति के साथ पुलिस पदाधिकारी का संपर्क और अनावश्यक मेलजोल रखना पुलिस विभाग के लिए गंभीर माना गया.आपको बता दें कि पुलिस की इस जांच रिपोर्ट में कहा गया कि शराब कारोबारी के साथ इस तरह का मेलजोल पुलिस पदाधिकारी के संदिग्ध अनुशासनहीन आचरण को प्रदर्शित करता है और इससे पुलिस सेवा की गरिमा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा प्रभावित होती है. इसी जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पूर्वी-1 की अनुशंसा पर ASI विपिन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं, अब इस मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी.
