☰
Bihar

BREAKING: मुजफ्फरपुर में युवक की हत्या के बाद बवाल, आक्रोशित लोगों ने आधा दर्जन घरों में लगाई आग

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

मुजफ्फरपुर (MUZAFFARPUR): मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां एक युवक की हत्या के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और जम कर बवाल काटा. आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब आधा दर्जन घरों में आग लगा दी जिसके बाद इलाके में तनाव और अफरातफरी का माहौल बन गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद कई थानों की पुलिस समेत आलाधिकारी मौके पर पहुंच कर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश में जुटे हैं. घटना मुजफ्फरपुर के करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव की है. 

आपसी विवाद के बाद दोस्तों ने कर दी थी पिटाई

ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात ग्रामीण युवक नवनीत कुमार अपने दोस्तों के साथ दुर्गा पूजा मेला देखने गया था. इस दौरान उसका अपने दोस्तों के साथ किसी बात पर विवाद हो गया और हिंसक झड़प में बदल गया. उसके दोस्तों ने ही बेरहमी से पिटाई कर दी जिसके बाद वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. स्थानीय लोग और परिजनों ने गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. रविवार को मृतक का शव गांव पहुंचते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पड़ोसी गांव प्रतापपुर पहुंच कर आरोपियों के घर में आग लगा दी. घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है.

इलाका छावनी में तब्दील

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ अभिजीत कौर, सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद लोगों को शांत करवाया. हालांकि क्षेत्र में अब भी तनाव का माहौल है जिसे देखते हुए पुलिस ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है. वहीं अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया.

एसएसपी ने कहा उपद्रव करने वाले पर भी होगी कार्रवाई

घटना के संबंध में मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. युवक की हत्या के आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. एसएसपी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह का उपद्रव करने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar