☰
Bihar

ससुराल के दरवाजे पर महिला का अंतिम संस्कार, इलाके में चर्चा का विषय, जानिए क्या है मामला

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में लोग उस वक्त चौंक गए जब एक परिवार ने अपनी बेटी का शव उसके ससुराल के दरवाजे पर रख कर उसका अंतिम संस्कार करने लगे. मामले की जानकारी लोगों को मिलने पर चर्चा का विषय बन गया. इसके साथ ही मृतिका के पिता ने मुजफ्फरपुर सदर थाना में अपने दामाद और उसके परिवार के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है. घटना सदर थाना क्षेत्र के पताही गांव की है, वहीं मृतिका की पहचान विभा ठाकुर के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि मृतिका विभा की शादी पताही निवासी चंदन ठाकुर से 2014 में हुई थी. मृतिका के पिता ने पारिवारिक विवाद में अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाया है. 

चल रहा था पारिवारिक विवाद

मामले में मृतिका के पिता ने आरोप लगाया है कि पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. इसमें मुजफ्फरपुर तथा अहमदाबाद कोर्ट में मामला लंबित है. उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने विभा को घर से निकाल दिया था, बाद में परिवार न्यायालय के आदेश के बाद वह दुबारा अपने ससुराल में रहने लगी थी. उन्होंने कहा कि पति समेत पूरा परिवार उसे काफी प्रताड़ित कर रहे थे.

जहर देने का आरोप

मृतिका के पिता ने कहा कि बीते 15 नवंबर को विभा का खाना खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान 16 नवंबर को उसकी मौत हो गई. मृतिका के पिता ने आरोप लगाया कि उसे खाने में जहर दिया गया था. इस मामले में उन्होंने अपने दामाद चंदन ठाकुर, उसके लिए मुरारी प्रसाद, मां मंजू देवी, बहन समेत अन्य को नामजद आरोपी बताया है.

दरवाजे पर किया अंतिम संस्कार

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और कागजी कार्रवाई के साथ ही मामले की छानबीन और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई. पुलिस ने मंगलवार को शव परिजनों को सौंपा जिसके बाद उन्होंने ससुराल के दरवाजे पर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया.

पुलिस जुटी है जांच में

वहीं दूसरी तरफ मामले में सदर थानाध्यक्ष ने कहा कि मृतिका के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. अब मामले की छानबीन करते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

TagsBihar