Bihar

4 साल पहले जिसे घरवालों ने मरा समझ लिया था, वो अचानक जिंदा लौट आया!सामने आई हैरान करने वाली साजिश

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

Tnp desk:  जरा सोचिए 4 साल पहले जिसे घरवालों ने मरा समझ लिया था, वो अचानक जिंदा लौट आया!सामने आई हैरान करने वाली साजिश, जिस परिवार को आप चार साल से मरा हुआ समझ रहे हों, वही शख्स अचानक आपके सामने आ जाए. परिवार के लिए यह पल कितना चौंकाने वाला और भावुक होगा. इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. चार साल से जिसके गम में परिवार जी रहा था, उसके अचानक जिंदा सामने आने की खुशी और हैरानी को वही परिवार बेहतर समझ सकता है.

ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला बिहार के मुजफ्फरपुर से सामने आया है. यहां एक युवक की हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस चार साल से जांच कर रही थी. लेकिन अचानक वही युवक पुलिस के सामने पहुंच गया। इसके बाद पूरे मामले की कहानी ही बदल गई.

 क्या है पूरा मामला

पूरा मामला देवरिया थाना क्षेत्र का है. गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के रहने वाले सोनू कुमार करीब चार साल पहले अपने घर से 50 हजार रुपये लेकर पटना जाने के लिए निकले थे. लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे. सोनू के वापस नहीं आने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की. जब काफी समय तक उनका कोई पता नहीं चला तो सोनू के भाई धीरज प्रसाद श्रीवास्तव ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.

इसी बीच सोनू के व्हाट्सऐप नंबर से परिवार के पास एक ऑडियो और एक तस्वीर भेजी गई. इसके बाद परिवार के होश उड़ गए. ऑडियो में बताया गया कि कुछ बदमाशों ने सोनू से रुपये लूटने के बाद उनकी हत्या कर दी है.

इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने सोनू की तलाश और मामले की जांच की, लेकिन करीब चार साल तक इस मामले में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया.

फिर सामने आई एक नई कहानी

मामले की जांच के दौरान पुलिस को थावे थाना क्षेत्र में एक युवती के अपहरण की जानकारी मिली. जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को सोनू से जुड़ी अहम जानकारी मिली.

पुलिस के मुताबिक सोनू ने अपनी मौत की झूठी कहानी खुद रची थी. बताया गया कि प्रेम प्रसंग के चलते उसने अपनी मौत का फर्जी मामला तैयार किया और युवती को अपने साथ लेकर दूसरे राज्य चला गया था. पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी. इसी दौरान जब सोनू को पता चला कि पुलिस उसके पीछे है, तो वह अचानक देवरिया थाना पहुंच गया.

चार साल बाद पुलिस के सामने आया सोनू

जिस युवक को पुलिस चार साल से मृत मानकर उसकी हत्या के मामले की जांच कर रही थी वही जब अचानक पुलिस के सामने पहुंचा तो पूरे मामले में नया मोड़ आ गया. पूछताछ के दौरान सोनू ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने अपनी मौत की झूठी साजिश रची थी. अब पुलिस पूरे मामले की नए सिरे से जांच कर रही है साथ ही सोनू के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

 

TagsCRIME