मोतिहारी(MOTIHARI) : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से आयोजित होमगार्ड अनुदेशक भर्ती परीक्षा के दौरान मोतिहारी में हाईटेक नकल का मामला सामने आया है. पुलिस ने परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस की मदद से नकल कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया निवासी अभिनाश कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके दो अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया.
होमगार्ड अनुदेशक भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी
जानकारी के अनुसार, मोतिहारी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर होमगार्ड अनुदेशक भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी. टाउन थाना क्षेत्र स्थित एलएनडी (LND) कॉलेज भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था. परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त कराने के लिए सदर डीएसपी दिलीप कुमार और सदर एसडीओ अरुण कुमार केंद्रों का निरीक्षण कर रहे थे.
चप्पल में इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस छुपा रखा था
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को एक परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. जब उसकी गहन जांच की गई तो पता चला कि उसने अपनी चप्पल में इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस छुपा रखा था और उसी की मदद से परीक्षा दे रहा था. इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया.
पता लगाया जा रहा है कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं
पूछताछ में आरोपी ने अपने दो सहयोगियों के बारे में जानकारी दी. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दोनों सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया. तीनों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नकल गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
डिवाइस छिपाकर परीक्षा हॉल में किया था प्रवेश
मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने बताया कि होमगार्ड अनुदेशक भर्ती परीक्षा के दौरान एलएनडी कॉलेज से एक युवक को ब्लूटूथ डिवाइस के साथ गिरफ्तार किया गया. उसने चप्पल में डिवाइस छिपाकर परीक्षा हॉल में प्रवेश किया था. उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर उसके दो सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया. पूरे मामले की जांच जारी है और यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गड़बड़ी या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भर्ती परीक्षाओं में किसी भी तरह की गड़बड़ी या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
