Bihar

देवघर यात्रा से पहले दर्दनाक हादसा, करंट लगने से दो दोस्तों की जान गई

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

मुंगेर (MUNGER): बिहार के मुंगेर जिले से एक हृदयविदारक घाटना सामने आई है.जहां बरियारपुर प्रखंड की रतनपुर पंचायत में सावन महीने को लेकर शिव मंदिर में बिजली का तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया.जानकारी के अनुसार, रतनपुर पंचायत निवासी पंकज कुमार (35 वर्ष) शिव मंदिर में बल्ब जलाने के लिए बिजली का तार जोड़ रहे थे. इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गए. उन्हें बचाने के लिए उनके दोस्त अमन कुमार (28 वर्ष) दौड़े और जैसे ही उन्होंने पंकज को करंट से छुड़ाने का प्रयास किया, वह भी बिजली की चपेट में आ गए. इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

आपस में पड़ोसी थे दोनों 

मृतकों की पहचान पंकज कुमार, और अमन कुमार के रूप में हुई है.दोनों आपस में पड़ोसी थे.अमन कुमार बिहार पुलिस में समस्तीपुर जिले में टाइगर मोबाइल जवान के पद पर कार्यरत थे.वह छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे. परिजनों के मुताबिक, सोमवार को उन्हें सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया.वहीं, पंकज कुमार जमालपुर रेल कारखाना में ग्रुप-डी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे.उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे है. हादसे के बाद उनके बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

दोनों परिवारों में चीख-पुकार

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों को मुंगेर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में दोनों परिवारों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार पहुंच गए.दोनों परिवारों की चीख-पुकार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया.वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

TagsBihar