मुंगेर: मुंगेर में एक नव प्रोन्नत दारोगा की इलाज के दौरान मौत हो गई. दारोगा की मौत के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया वहीं मामले को लेकर मृतक दारोगा की पत्नी ने अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं जिसने संवेदनहीनता को उजागर किया है. मृतक दारोगा की पहचान लड़ैयाटांड़ थाना में पदस्थापित रणधीर कुमार के रूप में की गई. वह पूर्णिया के कल्याणपुर गांव के रहने वाले थे. उन्होंने 2007 में बेतिया में सिपाही के पद पर बिहार पुलिस जॉइन किया था और 20 सितंबर 2026 को ही उनकी दारोगा में प्रोन्नति हुई थी.
बताया जा रहा है कि नवप्रोन्नत दारोगा की मंगलवार की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद परिजनों ने उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया. वहाँ से डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया जहां उनकी मौत हो गई. मामले में दारोगा की पत्नी ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि वह करीब एक सप्ताह से बीमार थे, इलाज करवाने हेतु छुट्टी के लिए अधिकारियों के सामने गुहार लगा रहे थे लेकिन उनकी छुट्टी मंजूर नहीं की गई. इसके साथ ही उनका नाम सोनपुर मेला में ड्यूटी की सूची में भी शामिल कर दी गई थी जिसे हटाने के लिए भी उन्होंने वरीय अधिकारी से आग्रह किया था, लेकिन राहत नहीं मिली. आखिरकार आज उनकी मौत हो गई.
मृतक दारोगा की पत्नी ने आरोप लगाया कि तबीयत खराब होने के बावजूद उनकी गुहार नहीं सुनी जा रही थी. सोमवार को भी थानाध्यक्ष के साथ ड्यूटी को लेकर कहासुनी हुई थी. मंगलवार की सुबह तबीयत बिगड़ने पर थाना के अन्य कर्मियों से मदद मांगने पर भी कोई आगे नहीं आया. बाद में उन्हें किसी तरह सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां से डॉक्टर ने पटना रेफर कर दिया लेकिन उनकी मौत हो गई.
मामले में थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्कर ने विवाद की बातों से इनकार कर दिया और कहा कि रणधीर कार्यालय के काम से मुंगेर गए थे. इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी थी. वहीं आरोपों पर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी. छठ तक छुट्टियां रद्द थी, उसके बाद की स्थिति की जांच की जाएगी. छुट्टी के आवेदन की भी जांच की जाएगी.