मुंगेर: बिहार के मुंगेर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जहां पारिवारिक विवाद में एक रिटायर्ड रेल कर्मी ने गला रेत कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी फिर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया. हत्या के आरोपी पति के सरेंडर के बाद पुलिस ने आधी रात महिला के मायके वाले को जानकारी दी, जिसके बाद कोहराम मच गया. बताया जा रहा है कि मृतिका को उसका पति लंबे समय से प्रताड़ित करता था. उनके बीच चल रहा विवाद एक बार थाना भी पहुंचा था और उस दौरान आपस में समझौता हो गया था. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. मृतिका की पहचान पूजा देवी के रूप में की गई.
मिली जानकारी के अनुसार, मुंगेर के जमालपुर थाना क्षेत्र के सदर बाजार फाड़ी के समीप अपने घर में देर रात वीआरएस लेकर रिटायर्ड रेल कर्मी दशरथ मंडल ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर निवासी दशरथ मंडल के साथ 2015 में शादी हुई थी. शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था. मृतिका के भाई ने आरोप लगाया कि मृतिका के पति महिला के साथ मारपीट भी करते थे जिसकी वजह से एक बार थाना में भी शिकायत की गई थी.
मामले की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा खून से लथपथ शव के साथ ही हथियार भी बरामद कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा कार्रवाई में जुट गई. घटना के संबंध में जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज पासवान ने बताया कि महिला की हत्या के बाद पति ने खुद ही पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया. पुलिस ने शव और हथियार बरामद कर लिया है तथा आगे की कार्रवाई में जुट गई.