☰
Bihar

गैंग्स ऑफ मुंगेर! दो गुट में झड़प के बाद अंधाधुन चली गोली,घटना का लाइव वीडियो आया सामने   

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

 मुंगेर: जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पुरानी दुश्मनी की आग में पूरा गांव बारूद की गंध से महक उठा. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टीकारामपुर में दो पक्षों के बीच वर्चस्व और पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष और अंधाधुंध गोलीबारी में बदल गई.अब इस गैंगवार का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है.  

बताया जा रहा है कि घटना सोमवार की रात से शुरू हुई.  विवाद मंगलवार की सुबह दोबारा भड़का, तो गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका कांप उठा. सड़कों पर गोलियों की आवाज गूंजते ही अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए अपने-अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए.

टीकारामपुर में हुए इस भीषण हिंसक टकराव के पीछे लंबे समय से चली आ रही पुरानी रंजिश बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार गांव के ही देवराज कुमार और मिथुन कुमार के गुटों के बीच लंबे समय से मनमुटाव और दुश्मनी चली आ रही थी. सोमवार की रात किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गई. रात में जैसे-तैसे मामला शांत हुआ था, लेकिन रंजिश की आग बुझी नहीं थी. मंगलवार की सुबह होते ही दोनों पक्ष एक बार फिर हथियार लहराते हुए आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई, जिससे पूरा टीकारामपुर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया.

इस वारदात के बाद इलाके में उस वक्त और अधिक हड़कंप मच गया जब गोलीबारी का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. इस वीडियो में दोनों पक्षों के लोग खुलेआम असलहे लहराते हुए एक-दूसरे पर गोलियां चलाते साफ देखे जा सकते हैं.

दिनदहाड़े और सरेआम हुई इस गोलीबारी के वीडियो ने इलाके के लोगों के दिलों में खौफ और बढ़ा दिया है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस और जिला प्रशासन के होश उड़ गए और तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने जांच तेज कर दी.गांव में अचानक हुई इस अंधाधुंध फायरिंग से आम निवासियों, बुजुर्गों और बच्चों के मन में गहरा डर बैठ गया है. गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के रास्तों पर सन्नाटा पसर गया और लोग दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं.

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दो परिवारों की आपसी रंजिश के कारण पूरे गांव की शांति भंग हो रही है और आम लोगों की सुरक्षा दांव पर लग गई है. किसी अप्रिय घटना या निर्दोष राहगीरों को गोली लगने की आशंका से पूरा इलाका सहमा हुआ है. लोग चाहते हैं कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त पुलिसिया कार्रवाई हो ताकि गांव में शांति कायम रह सके.घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले को शांत कराया. इस हिंसक वारदात के बाद दोनों ही पक्षों की ओर से मुफस्सिल थाने में एक-दूसरे के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया है.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक पक्ष के एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मुफस्सिल पुलिस इलाके में गश्त बढ़ा कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है.

TagsBihar