मुंगेर(MUNGER): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी दिवंगत मां और तारापुर की पूर्व विधायक स्वर्गीय पार्वती देवी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री मुंगेर जिले के असरगंज प्रखंड अंतर्गत तारापुर स्थित बी.एड. कॉलेज, पार्वती नगर पहुंचे. यहां उन्होंने पार्वती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया.पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के साथ अन्य शुभचिंतक भी मौजूद रहे. सभी ने स्वर्गीय पार्वती देवी को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए.
मां के संस्कार और सेवा भावना को किया याद
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी मां की स्मृतियों को याद करते हुए उनके स्नेह, संस्कार और सेवा भावना का उल्लेख किया उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के रूप में पार्वती देवी से मिले संस्कार और उनका स्नेह हमेशा स्मरणीय रहेगा.मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्वती देवी का जीवन परिवार के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा. उनके द्वारा दिए गए संस्कार और समाज के प्रति सेवा की भावना लोगों को आगे भी प्रेरित करती रहेगी. उन्होंने अपनी मां की पुण्य स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि उनकी यादें परिवार और शुभचिंतकों के हृदय में सदैव जीवित रहेंगी.
शकुनी चौधरी ने भी अर्पित किए श्रद्धासुमन
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं स्वर्गीय पार्वती देवी के पति शकुनी चौधरी भी शामिल हुए. उन्होंने पार्वती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की परिवार के अन्य सदस्यों ने भी पुष्प चढ़ाकर उन्हें याद किया. स्वर्गीय पार्वती देवी तारापुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक रह चुकी थीं. उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम के जरिए परिवार ने उनके सार्वजनिक जीवन, पारिवारिक मूल्यों और स्मृतियों को याद किया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस अवसर पर अपनी मां के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके जीवन से मिली सीख और संस्कारों को अमूल्य बताया.
