Bihar

मुंगेर सदर अस्पताल में महिला डॉक्टर से मारपीट का आरोप, पति को पुलिस ने हिरासत में लिया

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

मुंगेर (MUNGER): बिहार के मुंगेर सदर अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब अस्पताल में तैनात एक महिला चिकित्सक के साथ कथित रूप से मारपीट की घटना सामने आई. स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि ने अपने पति डॉ. कृष्ण गोपाल पर हमला करने, अभद्र व्यवहार करने और आंखों व चेहरे पर स्प्रे डालने का आरोप लगाया है. घटना के बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

अस्पताल परिसर में हुआ विवाद 

डॉ. निधि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मुंगेर सदर अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं. बुधवार सुबह उनके पति डॉ. कृष्ण गोपाल अस्पताल पहुंचे. आरोप है कि दोनों के बीच विवाद होने के बाद स्थिति बिगड़ गई और उनके पति ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. महिला चिकित्सक का आरोप है कि उन पर जूते से कई बार हमला किया गया, जिससे चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट लगी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने आंखों और चेहरे पर किसी प्रकार का स्प्रे डाल दिया. इसके कारण उनकी आंखों में तेज जलन और परेशानी होने लगी.

सुरक्षा गार्डों ने आरोपी को पकड़ा

अस्पताल परिसर में शोर और विवाद की जानकारी मिलते ही वहां तैनात सुरक्षा गार्ड घटनास्थल पर पहुंचे. सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप करते हुए आरोपी को पकड़ लिया. इसके बाद डायल 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी गई. पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और डॉ. कृष्ण गोपाल को अपने साथ कोतवाली थाना ले गई. वहीं, घटना के बाद डॉ. निधि ने अस्पताल में अपना इलाज भी कराया.

पहले से चल रहा है न्यायालय में मामला 

डॉ. निधि ने पुलिस को दिए आवेदन में पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उनके मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद है और इससे संबंधित मामला न्यायालय में चल रहा है. बताया जा रहा है कि डॉ. कृष्ण गोपाल जेएलएनएमसीएच में चिकित्सक के पद पर कार्यरत हैं. फिलहाल पुलिस महिला चिकित्सक द्वारा लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है. शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है.

 

TagsBihar