मोतिहारी (MOTIHARI): बिहार के मोतिहारी में अब मंदिर भी चोरों के निशाने पर हैं. शहर के मिस्कॉट मोहल्ले स्थित प्रसिद्ध साईं बाबा मंदिर में ताला काटकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है. चोर मंदिर से भगवान गणेश का मुकुट और साईं बाबा की चांदी की छतरी समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और साईं भक्तों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई. श्रद्धालुओं में घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है.
मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि घटना के समय मंदिर के पुजारी परिसर में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी. मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे करीब डेढ़ महीने से खराब हैं. ऐसे में पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके.
पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना में भगवान गणेश का मुकुट ले जाया गया है. वहीं, साईं बाबा की छतरी, दानपेटी और चरण पादुका सहित अन्य सामान सुरक्षित हैं. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड और एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया. दोनों टीमों की मदद से साक्ष्य जुटाने और चोरी से जुड़े सुराग तलाशने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने मंदिर की सीढ़ियों के पास से ताला काटने में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाली लोहे की खंती भी बरामद की है.
पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है. चोरों तक पहुंचने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है. वहीं, घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए नगर थाना की गश्ती पार्टी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. मंदिर में चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों और साईं भक्तों में आक्रोश है.
