मोतिहारी (MOTIHARI) : जिले के भारत-नेपाल सीमा से सटे छौरादानो थाना क्षेत्र में मानव तस्करी और बाल शोषण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत पुलिस और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीम ने छह ऑर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी कर 24 नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया है. इस दौरान तीन ऑर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया जबकि कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
छह ऑर्केस्ट्रा स्थलों पर एक साथ छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ ऑर्केस्ट्रा समूहों की आड़ में नाबालिग बच्चों का शोषण किया जा रहा है और देह व्यापार जैसे अवैध कार्य संचालित किए जा रहे हैं. इसके बाद छौरादानो थाना, रक्सौल एसडीपीओ कार्यालय, चाइल्ड हेल्पलाइन और अन्य संस्थाओं की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित छह ऑर्केस्ट्रा स्थलों पर एक साथ छापेमारी की.
छह संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
इस कार्रवाई के दौरान 23 नाबालिग लड़कियों और एक नाबालिग लड़के को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया. वहीं, तीन ऑर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मामले में छह संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो के निर्देश पर की गई. अभियान में मिशन मुक्ति फाउंडेशन, चाइल्ड हेल्पलाइन, रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन, न्याय नेटवर्क और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने अहम भूमिका निभाई.
मामले में शामिल लोगों के खिलाफ होगी सख्त कारर्वाई
रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव तस्करी, बाल श्रम और नाबालिगों के शोषण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल सभी मुक्त कराए गए बच्चों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है. तब तक नाबालिग लड़कियों को बाल संरक्षण इकाई, मोतिहारी में सुरक्षित रखा जाएगा. प्रशासन ने बताया कि सभी बच्चों की काउंसिलिंग, पुनर्वास और पुनर्स्थापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मानव तस्करी और बाल शोषण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा
