Bihar

मोतिहारी पुलिस को बड़ी सफलता, भुन्ना मियां हत्याकांड का नामजद आरोपी गिरफ्तार

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

मोतिहारी (MOTIHARI) : पूर्वी चंपारण जिले के चर्चित भुन्ना मंसूरी उर्फ भुन्ना मियां हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले में नामजद और सात हजार रुपये के इनामी आरोपी रामभरोसी यादव को गिरफ्तार किया है. वह पताही थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है. पुलिस के अनुसार, रामभरोसी यादव नक्सली गतिविधियों में भी शामिल रहा है.

पुलिस उसकी तलाश कर रही थी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट, डकैती और धोखाधड़ी समेत करीब नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं. भुन्ना मंसूरी हत्याकांड के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. आखिरकार पताही थाना पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया. भुन्ना मंसूरी उर्फ भुन्ना मियां का शव 5 जुलाई 2025 को दरपा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव स्थित महारानी गाछी के सरकारी विद्यालय परिसर से बरामद किया गया था. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी.

प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी

परिजनों की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, भुन्ना मियां को गांव में एक पंचायती के लिए पंच के रूप में बुलाया गया था. आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया और गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद शव को सरकारी विद्यालय परिसर में फेंक दिया गया. घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने दरपा थाना में 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इन्हीं आरोपियों में रामभरोसी यादव का नाम भी शामिल था.

पुलिस कर रही है पूछताछ

पुलिस का कहना है कि दरपा थाना क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों से नक्सली गतिविधियों से जुड़े दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर आपराधिक घटनाएं सामने आती रही हैं. अब रामभरोसी यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. पूछताछ के आधार पर हत्याकांड से जुड़ी अन्य कड़ियों और आरोपियों की भूमिका की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

 

TagsBihar