मधुबनी: बिहार के मधुबनी में बुधवार को NIA की टीम ने छापेमारी की. बताया जाता है कि NIA की टीम पाकिस्तान कनेक्शन के आरोप में एक व्यक्ति के घर छापेमारी की. इस दौरान टीम ने मौलाना इज़हारुल हक के परिवार के लोगों से भी पूछताछ की. इस दौरान आसपास के इलाके में हड़कंप मच गई. इस दौरान सुरक्षा कड़ी होने के चलते किसी को आस पास फटकने की भी इजाजत नहीं मिली. मौलाना इजहारुल हक का नाम लगभग चार महीने पहले तब सुर्खियों में आया था, जब बिहार एटीएस के साथ मिलकर मध्यप्रदेश एटीएस ने यहां रेड की थी. इसके बाद मधुबनी से ही राष्ट्रविरोधी और कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल होने के शक पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया था. गिरफ्तारी के बाद मौलाना इजहारुल हक को मध्य प्रदेश एटीएस की टीम ट्रांजिड रिमांड पर भोपाल ले गई थी.
बताया जा रहा है कि इजहारुल हक मधुबनी में अपना एक मदरसा चला रहा था. उसकी उम्र 56 साल है और इसी मदरसे में चुनिंदा बच्चों को पढ़ाता था. मध्यप्रदेश एटीएस के इजहारुल हक तक पहुंचने की कहानी भी दिलचस्प है. ATS को पता चला था कि भोपाल में फिरोज नाम का एक शख्स संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है. इसके बाद उस पर नजर रखी जाने लगी. इसी दौरान उसके एक व्हाट्स ऐप ग्रुप में जुड़े होने की जानकारी मिली. इसी ग्रुप में इजहारुल हक के साथ साथ 6 और संदिग्ध लोग शामिल थे.
शाकिर अलवर राजस्थान से, नईम देवबंद उत्तरप्रदेश से, फराज भोपाल से और हाजी अहमद धार से था. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ये सभी लोग मदरसा के माध्यम से देश विरोधी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं. मौलाना इजहारुल हक के बारे में बताया जा रहा है कि वो कभी कर्नाटक, कभी मुंबई तो नेपाल में मीटिंग करता था. कहा तो ये भी जा रहा है कि वो बिहार से नेपाल के जरिए पाकिस्तान तक सिम कार्ड तक भिजवाता था. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है, चर्चा है कि उससे तार विदेशों से भी जुड़े हुए थे. कुछ समय पहले उसने अपने घर में एक शादी के दौरान हैसियत से बढ़ कर पैसे खर्च किए थे. अब इस मामले में NIA की एंट्री हो चुकी है. हालांकि NIA की तरफ से इस रेड के बारे में अभी तक कोई भी जानकारी नहीं दी गई है.