☰
Bihar

अपने कार्यालय में ही गिरफ्तार हो गए डीएसपी, बढ़ा ब्लड प्रेशर, अभिरक्षा में सदर अस्पताल में भर्ती

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

मधुबनी: बिहार में इन दिनों भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मधुबनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैफिक डीएसपी को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के बाद डीएसपी की तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार ट्रैफिक डीएसपी को निगरानी की टीम ने उनके कार्यालय कक्ष में तीस हजार रुपए घूस लेते हुए गिरफ्तार किया. डीएसपी की गिरफ्तारी के बाद जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया.

मामले में निगरानी के डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पंडौल थाना क्षेत्र के गंधवारी गांव निवासी रोहित मिश्रा ने ट्रैफिक डीएसपी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने अपनी शिकायत में बताया था कि उनका मिट्टी ढोने का टीपर चलता है. टीपर चलाने के एवज में ट्रैफिक डीएसपी ने तीस हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी. शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी की टीम ने विशेष योजना के तहत जाल बिछाई और उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार कर लिया.

मामले में जानकारी मिल रही है कि ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया उसी वक्त उनकी तबीयत खराब हो गई. उनका ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया और वह पसीने से लथपथ हो गए. इसके बाद निगरानी की टीम ने आनन फानन में उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है. सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार डीएसपी का रक्तचाप अभी भी उतार-चढ़ाव की स्थिति में है.

निगरानी डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें सबसे पहले सर्किट हाउस ले जाया जाएगा. वहां आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें निगरानी की टीम अपने साथ पटना लेकर रवाना होगी. इस पूरी छापेमारी दल में जहांगीर अंसारी और राहुल कुमार समेत कुल आठ अधिकारी व कर्मी शामिल रहे, जिनकी इस कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों में भारी खौफ व्याप्त है.

TagsBihar