मधुबनी: बड़ी खबर मधुबनी से है जहां बीती रात एक सिपाही ने अपनी गलत नीयत में सफलता नहीं मिलने पर सरकारी हथियार से अंधाधुंध फायरिंग कर दी. घटना में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य जख्मी हैं. घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है जिसे देखते हुए पुलिस के आलाधिकारी कैंप कर रहे हैं. घटना मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ की है, जहां एक सिपाही अपनी गलत नीयत में विफल होने पर लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी. घटना सोमवार और मंगलवार मध्यरात्रि की है.
जानकारी के अनुसार बलिराजगढ़ में एक महिला अपने मायके गई हुई थी जबकि बीती रात घर में उसकी नाबालिग बेटी और एक पड़ोसी की एक बेटी एकसाथ सो रही थी. देर रात ऐतिहासिक धरोहर बलिराजगढ़ की सुरक्षा में तैनात एक सिपाही गलत नीयत से उनके घर में घुस गया जिसकी भनक एक अन्य महिला को लग गई. महिला ने उक्त घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाने लगी. शोर मचाए जाने से सिपाही घबरा गया और उसने खिड़की से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
घर के अंदर खुद को फंसा देख सिपाही ने अपनी सर्विस राइफल से खिड़की के रास्ते अंधाधुंध गोलियां बरसाने लगा. इस दौरान वह अंधेरे का फायदा उठा कर भाग निकला. सिपाही की गोलीबारी में स्थानीय अशोक यादव की मौत हो गई जबकि फुलो देवी, विजेंद्र यादव तथा धनिक लाल यादव गोली लगने से जख्मी हैं. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को बाबूबरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अशोक यादव को मृत घोषित कर दिया. वहीं प्राथमिक उपचार के बाद बाकी तीनों घायलों को नाजुक स्थिति में बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. सिपाही की इस शर्मनाक करतूत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रात से ही बाबूबरही थाने में कैंप कर रहे हैं और फरार आरोपित सिपाही की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है.