☰
Bihar

बड़ी खबर: आर्केस्ट्रा में मनपसंद गाना लगाने को लेकर हुआ विवाद, युवक पर चली गोली....

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

मधुबनी (MADHUBANI): मधुबनी जिले में आपसी वर्चस्व और विवाद को लेकर एक बार फिर अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है. अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के पसटन गांव में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई. गोली उसके गले में लगी और शरीर को पार करते हुए बाहर निकल गई. इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी और इलाके में सनसनी फैल गई.

घायल युवक की पहचान पसटन गांव निवासी श्रवण कुमार साहू के 26 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार साहू के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, गांव में महादेव पूजा का आयोजन किया गया था, जो तीन दिन पहले समाप्त हुआ था. इसके बाद बीती रात पूजा के अवसर पर आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसी कार्यक्रम के दौरान डीजे पर संगीत बजाने को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक ने शिवम को गाना बदलने के विवाद में गोली मार दी. घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल शिवम को स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया. फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.

घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार को झंझारपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ पसटन गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महादेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीजे पर संगीत बजाने को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान एक युवक ने दूसरे को गोली मार दी.

एसडीपीओ ने बताया कि गांव में बिना पूर्व सूचना के पूजा और डीजे-आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आरोपित युवकों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

डीजे और आर्केस्ट्रा पर प्रतिबंध के बावजूद आयोजन
इस घटना के बाद डीजे और आर्केस्ट्रा कार्यक्रमों पर प्रतिबंध के बावजूद उनके आयोजन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय स्तर पर आरोप है कि दुर्गा पूजा सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में भी खुलेआम डीजे और आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि गांव में स्थिति सामान्य है. गोली किसने चलाई और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है.