☰
Bihar

पुलिस की गोली से मौत के बाद उबाल, समझाने पहुंचे डीएम का महिला ने पकड़ा कॉलर

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

मधुबनी: सोमवार मंगलवार की मध्य रात मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र में पुलिस की गोली से व्यक्ति की मौत के बाद लोगों का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर अतिशीघ्र कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. इस दौरान लोगों ने पुलिस को भी खदेड़ दिया था. वहीं आक्रोशित लोगों को समझाने गए डीएम की एक महिला ने कॉलर पकड़ लिया. हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने महिला की पकड़ से छुड़ा कर डीएम को सुरक्षित बाहर निकाला.

महिला ने पकड़ा डीएम का कॉलर

दरअसल बलिराजगढ़ में ग्रामीण अशोक यादव की मौत के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर दिया था. लोगों ने मुख्य सड़क के साथ ही ग्रामीण सड़कों को भी बांस बल्ला लगा कर बंद कर दिया था. इस दौरान जब पुलिस की टीम उन्हें समझाने पहुंची तो लोगों ने उन्हें खदेड़ दिया. बाद में आक्रोशित लोगों को समझाने के लिए डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार पहुंचे. उन्होंने लोगों से परिवार के बारे में जानकारी ली तथा परिजनों को उन्हें आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार के साथ हमलोग हैं और हर संभव सरकारी मदद देंगे. डीएम के आश्वासन के बाद महिलाएं तुरंत कार्रवाई करने की मांग करने लगी और इस दौरान जिलाधिकारी आनंद शर्मा का कॉलर पकड़ लिया. अचानक महिला के द्वारा कॉलर पकड़े जाने से डीएम हड़बड़ा गए जबकि मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया. आसपास खड़े सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें महिला की पकड़ से छुड़ाया और सुरक्षित बाहर निकाला.

व्याप्त है तनाव

घटनाक्रम के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया. इसके बाद एसडीएम चंदन कुमार झा अन्य अधिकारियों के साथ दोबारा बलिराजगढ़ पहुंचे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले के विभिन्न इलाकों से भारी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया. जाम स्थल पर बिहार पुलिस और बीएमपी के 500 से अधिक जवान तैनात किये गये हैं. मधुबनी जिले के सभी सात एसडीपीओ के अलावा दरभंगा जिले के कमतौल अनुमंडल के एसडीपीओ भी मौके पर मौजूद हैं. गौरतलब है कि बलिराजगढ़ में पुलिस पिकेट पर तैनात एएसआई की गोली से ग्रामीण अशोक यादव की मौत के बाद से विवाद की स्थिति बनी हुई है. इसी घटना को लेकर स्थानीय लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे. फिलहाल मौके पर तनाव का माहौल है जबकि पुलिस ने इलाके को छावनी में बदल दिया है.

TagsBihar