Bihar

लखीसराय अशोक धाम हादसे पर विजय कुमार सिन्हा ने दिया जांच के आदेश, कहा -दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना(PATNA) :बिहार के लखीसराय स्थित अशोक धाम मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दुख जताया है. उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं. जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाने का दिए गए निर्देश

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने लखीसराय के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से बात की है. अधिकारियों को घटना के कारणों की गंभीरता से जांच करने और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाने का निर्देश दिया गया है. मंत्री ने कहा कि प्रशासन को यह पता लगाने के लिए कहा गया है कि भगदड़ किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे किसी स्तर पर लापरवाही हुई है या नहीं. यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

दुख की इस घड़ी में बिहार सरकार पीड़ित परिवारों के साथ

विजय कुमार सिन्हा ने भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में बिहार सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. मुख्यमंत्री ने भी घटना पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है. अशोक धाम मंदिर में हुई इस घटना के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. सरकार की ओर से जांच के निर्देश दिए जाने के बाद अब प्रशासन घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगा. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 

TagsBihar