लखीसराय (LAKHISARAI): बड़हिया में रेड करने जा रही पुलिस टीम की गश्ती वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एसआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस गश्ती वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
बताया जाता है कि बड़हिया थाना की पुलिस टीम एक मामले में रेड करने के लिए जा रही थी. इसी दौरान बड़हिया-लखीसराय सीमांत के समीप लखीसराय की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस गश्ती वाहन में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी घायल हो गए.
सदर अस्पताल लखीसराय रेफर
गश्ती वाहन के चालक ललन कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तत्काल सदर अस्पताल लखीसराय ले जाया गया. वहीं, अन्य घायलों को बड़हिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सक डॉ. अनिल ठाकुर ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. सभी घायल को सीटी स्कैन और बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय रेफर किया गया.
घायलों में एसआई ए के एस श्रीवास्तव, हवलदार राजेश कुमार, महिला सिपाही सीता कुमारी और सिपाही एकता कुमारी शामिल हैं. पुलिस हादसे की जांच में जुटी है.
