☰
Bihar

Bihar: पहली बारिश में डूबीं रेलवे पटरियां, डेढ़ घंटे तक थमा रेल परिचालन, जानें पूरी खबर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

लखीसराय (LAKHISARAI) : बिहार के लखीसराय जिले से बड़ी खबर सामने आई है. मौसम की पहली ही बारिश ने मालदा रेल मंडल की तैयारियों की पोल खोल दी. कियूल-जमालपुर रेलखंड के कजरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पटरियों पर बारिश का पानी भर जाने से रेल परिचालन करीब डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा. इस दौरान अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

कर्मचारियों ने जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया

जानकारी के अनुसार, सुबह हुई तेज बारिश के बाद रेलवे ट्रैक पर इतना पानी जमा हो गया कि सुरक्षा कारणों से ट्रेनों का संचालन तत्काल रोक दिया गया. रेल प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेने के लिए कर्मचारियों को मौके पर भेजा. कर्मचारियों ने जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया और पानी के बीच खड़े होकर ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित की.

स्थिति सामान्य होने के बाद सबसे पहले एक पैसेंजर ट्रेन को ट्रायल के तौर पर धीमी गति से चलाया गया. ट्रायल सफल रहने पर रेल प्रशासन ने धीरे-धीरे दोनों दिशाओं में ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू कर दिया. हालांकि इस दौरान कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा.

जल निकासी की बेहतर व्यवस्था करने की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में इस इलाके में जलजमाव की समस्या सामने आती है. इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से पहली ही बारिश में रेलवे व्यवस्था प्रभावित हो गई. लोगों ने रेलवे प्रशासन से जल निकासी की बेहतर व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने.

फिलहाल रेल परिचालन सामान्य कर दिया गया है, लेकिन पहली ही बारिश में रेलवे ट्रैक पर जलभराव ने रेल प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

 

TagsBihar