☰
Bihar

सुबह-सुबह शिक्षा विभाग के डीपीओ के चार ठिकानों पर पहुंची EOU की टीम, आय से अधिक संपत्ति का है मामला

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

किशनगंज: बिहार में इन दिनों भ्रष्टाचार के विरुद्ध विभिन्न जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है. आए दिन बिहार के भ्रष्ट धनकुबेर सरकारी अधिकारी और कर्मियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. एक बार फिर मंगलवार को बिहार की आर्थिक अपराध इकाई ने एक साथ कई ठिकानों पर तलाशी शुरू कर दी है. ईओयू की टीम ने किशनगंज शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के कई ठिकानों पर एक साथ पहुंची है और तलाशी में जुट गई है. एक जानकारी के अनुसार ईओयू की टीम डीपीओ रूबी कुमार के किशनगंज और कटिहार में स्थित चार ठिकानों पर एकसाथ कार्रवाई शुरू की है.

जानकारी के अनुसार डीपीओ रूबी कुमारी के विरुद्ध आर्थिक अपराध इकाई ने आय से 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है और अब छानबीन की जा रही है. मंगलवार की सुबह ईओयू की टीम डीपीओ के किशनगंज स्थित किराए के मकान और समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में छापेमारी के लिए पहुंची वहीं कटिहार में भी दो ठिकानों पर तलाशी में जुटी हुई है.

ईओयू की टीम ने चारों जगहों पर बाहर पुलिस बल की तैनाती की है साथ ही लोगों को अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी है. टीम मौके पर मौजूद बैंक पासबुक, समेत अन्य कागजातों की छानबीन और सत्यापन में जुटे हुए हैं. मामले में डीपीओ रूबी कुमारी पर अडोल है कि उन्होंने पद का दुरुपयोग करने और सरकारी योजनाओं में वित्तीय अनियमितताओं के जरिए आय से अधिक संपत्ति अर्जित की हैं. इसी आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है. हालांकि, जांच के बाद ही संपत्ति और उससे जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल ईओयू की टीमें चारों ठिकानों पर संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं. 

TagsBihar