Bihar

आगे भाग रहा था आरोपी, पीछे-पीछे दौड़ रही थी पुलिस, फिर जो हुआ देखकर सन्न रह गए लोग 

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

खगड़िया (KHAGARIA):बिहार के खगड़िया जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस जिस युवक की तलाश में छापेमारी करने पहुंची थी, वह पुलिस को देखते ही भागने लगा.पुलिस उसके पीछे दौड़ रही थी और युवक जान बचाने के लिए आगे-आगे भाग रहा था.इसी दौरान उसने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया.

पढ़िये क्या है पूरा मामला

दरअसल, पूरा मामला खगड़िया के मोरकाही थाना क्षेत्र का है.बताया जा रहा है कि पुलिस एक मामले में अभियुक्त बनाए गए सौरभ को पकड़ने के लिए उसके घर पहुंची थी.पुलिस को देखते ही सौरभ वहां से भाग निकला और बचने की कोशिश में मालती नदी में छलांग लगा दी. हालांकि, नदी में कूदना उसके लिए जानलेवा साबित हुआ और डूबने से उसकी मौत हो गई.

मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश

युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया. परिजन और ग्रामीण शव को लेकर मोरकाही थाना पहुंच गए और थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.इसी दौरान कुछ आक्रोशित महिलाएं थाने के अंदर घुस गईं और हंगामा करने लगी. आरोप है कि स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान मोरकाही थाना प्रभारी अंतिमा कुमारी ने अपनी पिस्टल निकाल ली.पिस्टल को कॉक कर तानने की घटना के बाद महिलाओं और ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया.

पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी, एसडीओ समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की.मृतक सौरभ के परिजनों का कहना है कि गांव में हुए एक विवाद में उनके बेटे का कोई हाथ नहीं था, फिर भी पुलिस ने उसका नाम मामले में शामिल कर दिया था. परिजनों का आरोप है कि न्याय के लिए उन्होंने कई जगह गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई.अब वे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे है.वहीं, डीएसपी ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar