Bihar

खगड़िया में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
खगड़िया में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

खगड़िया (BIHAR) : बिहार पुलिस का अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा 'ऑपरेशन लंगड़ा' लगातार जारी है. इसी अभियान के तहत खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में अखिलेश कुमार नाम का एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया. घायल बदमाश को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

तीनों पुलिस से उलझ गए

जानकारी के अनुसार, बेलदौर थाना पुलिस कुर्बन गांव के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया. जांच के दौरान तीनों पुलिस से उलझ गए और कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने की कोशिश की. आरोप है कि इस दौरान एक पुलिस अधिकारी का पिस्टल और मोबाइल छीनकर बदमाश मौके से फरार हो गए.

आत्मरक्षा में एक राउंड फायरिंग की

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देर रात इलाके में छापेमारी शुरू की. इस दौरान पुलिस की टीम का सामना अखिलेश कुमार से हुआ. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय भी उसने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में एक राउंड फायरिंग की, जिसमें अखिलेश कुमार के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया.

अभियान आगे भी जारी रहेगा

खगड़िया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भानू प्रताप सिंह ने बुधवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि घायल बदमाश के पास से पुलिस अधिकारी का छीना गया पिस्टल और मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है. एसपी ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है. पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके.