Bihar

बिहार के खगड़िया में सिपाही भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े का उद्भेदन, 15 गिरफ्तार, 5 से 6 लाख में पास कराने का झांसा देकर करता था सौदा

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
बिहार के खगड़िया में सिपाही भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े का उद्भेदन, 15 गिरफ्तार, 5 से 6 लाख में पास कराने का झांसा देकर करता था सौदा

खगड़िया ( KHAGARIA) : बिहार के खगड़िया जिले में सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है. पुलिस ने इस मामले में केंद्राधीक्षक, एक शिक्षक और कुछ परीक्षार्थियों समेत कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर उनसे 5 से 6 लाख रुपये तक की डील करता था.

गुप्त सूचना के बाद विशेष टीम का गठन

खगड़िया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भानु प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने जिले के अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की, जिसमें सॉल्वर गैंग से जुड़े 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया. समय रहते कार्रवाई होने से गिरोह की पूरी योजना विफल हो गई.

चेक से तय रकम वसूलने की थी योजना

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह परीक्षा में पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से पहले ही ब्लैंक चेक और उनके शैक्षणिक प्रमाण पत्र अपने पास जमा करा लेता था. परीक्षा पास होने के बाद इन चेकों के जरिए तय रकम वसूलने की योजना थी.

जब्त किए गए सामान की हो रही जांच

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से सात ब्लैंक चेक, नौ मोबाइल फोन, आठ एडमिट कार्ड और कई शैक्षणिक दस्तावेज बरामद किए हैं. जब्त किए गए सामान की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गिरोह का नेटवर्क और किन-किन जिलों तक फैला हुआ है.

सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी खगड़िया, भोजपुर, पटना, वैशाली, नवादा और अरवल जिले के रहने वाले हैं. सभी आरोपियों के खिलाफ खगड़िया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं.