☰
Bihar

पारिवारिक आरोपों के बीच हटाए गए खगड़िया एसपी भानु प्रताप, नहीं मिली कोई ज़िम्मेवारी

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह को उनकी पारिवारिक विवाद की वजह से अब मुख्यालय बुला लिया गया है. 2021 बैच के आईपीएस भानु प्रताप सिंह पर उनकी पत्नी के प्रताड़ना तथा बेटी से अलग किए जाने का आरोप लगाया है. इसके साथ ही उन्होंने अन्य कई आरोप भी लगाए हैं. खगड़िया से हटाए जाने के बाद एसपी भानु प्रताप सिंह को फिलहाल कोई जिम्मेवारी नहीं दी गई है. आईपीएस भानु प्रताप सिंह के साथ ही गृह विभाग ने 4 अन्य आईपीएस का भी तबादला किया है. 

5 आईपीएस का हुआ तबादला

गृह विभाग की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार भानु प्रताप सिंह की जगह अब शिवहर के एसपी शैलेंद्र सिंह को खगड़िया की जिम्मेदारी दी गई है. इसके साथ ही मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी को शिवहर एसपी की जिम्मेदारी दी गई है वहीं नव प्रोन्नत आईपीएस कुमारी ममता कल्याणी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस 10 को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस 16 के समादेष्टा की अतिरिक्त जिम्मेवारी दी गई है जबकि बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस 16 के समादेष्टा अपराजित को अब राज्यपाल के परिसहाय की जिम्मेदारी दी गई है.

सीएम आवास के बाहर धरना

बता दें कि आईपीएस भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा कुमारी ने उनके ऊपर प्रताड़ना समेत बेटी से दूर करने का आरोप लगा रही हैं. उन्होंने इस संबंध में पुलिस विभाग के कई बड़े अधिकारी से भी हस्तक्षेप की मांग की. इसके साथ ही वह मुख्यमंत्री आवास और खगड़िया एसपी आवास के बाहर धरना पर भी बैठ चुकी हैं.

पत्नी ने लगाए कई आरोप

आईपीएस भानु प्रताप की पत्नी पूजा कुमारी का कहना है कि जिस वक्त उनकी शादी हुई थी तब पति यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे. उनकी 6 वर्ष की एक बेटी भी है. पूजा कुमारी का आरोप है कि अब उनके पति जबरन तलाक लेने की कोशिश कर रहे हैं और उनसे उनकी बेटी को अलग कर दिया तथा उससे मिलने भी नहीं दे रहे. पूजा कुमारी ने बताया कि भानु प्रताप ने उन्हें ऑफिसर मेस में एक कमरे में बंद कर के भी रखा था. पूजा कुमारी ने इस मामले की शिकायत महिला आयोग से भी की है. कहा जा रहा है कि इन्हीं आरोपों की वजह से अब उन्हें मुख्यालय तलब किया गया है.

TagsBihar